श्रेया घोषाल: सुर, संवेदना और सादगी की अनुपम मिसाल

11 0

कुछ आवाज़ें समय के साथ हमारी स्मृतियों का हिस्सा बन जाती हैं। भारतीय फिल्म संगीत में श्रेया घोषाल की आवाज़ ऐसी ही विरल धरोहर है। पिछले दो दशकों में उन्होंने न केवल अनगिनत यादगार गीत दिए हैं, बल्कि अपनी सुर-साधना, भाषाई शुद्धता और विनम्र व्यक्तित्व से भी करोड़ों श्रोताओं का विश्वास जीता है। उनकी लोकप्रियता मधुर आवाज़,अनुशासन, संवेदनशीलता और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति का प्रतिफल है, जिसने उन्हें अपनी पीढ़ी की सबसे विशिष्ट गायिकाओं में स्थापित किया है।

श्रेया घोषाल की गायकी की सबसे बड़ी विशेषता उनकी सुर-साधना है। उनका स्वर अत्यंत स्वच्छ, संतुलित और सहज है। वे ऊँचे से ऊँचे और बेहद कोमल सुरों तक बिना किसी बनावट के पहुँच जाती हैं। उनकी आवाज़ में केवल मिठास ही नहीं, बल्कि गहराई, संवेदना और शब्दों के अर्थ को जी लेने की अद्भुत क्षमता भी है।

मुझे हमेशा लगता है कि श्रेया गीत गाती नहीं हैं, वे उसके भीतर उतर जाती हैं। शायद यही कारण है कि उनके रोमांटिक गीत प्रेम का अहसास कराते हैं, भजन श्रद्धा में डुबो देते हैं, ग़ज़लें आत्ममंथन का अवसर देती हैं और विरह गीत अनायास ही आँखों को नम कर देते हैं। उनकी गायकी में तकनीक और भावना का जो संतुलन दिखाई देता है, वह बहुत कम कलाकारों में देखने को मिलता है।

उनके व्यक्तित्व का एक और उल्लेखनीय पक्ष है-भाषा के प्रति उनका सम्मान। हिंदी, बंगाली, मराठी, तमिल, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़ या किसी अन्य भाषा का गीत हो, वे हर शब्द का उच्चारण उसी आत्मीयता और शुद्धता के साथ करती हैं। विशेष रूप से उर्दू के नुक़्ते वाले शब्द ग़, ख़, क़ और ज़ उनके स्वर में इतने स्वाभाविक लगते हैं कि स्पष्ट हो जाता है कि वे केवल गीत नहीं गातीं, बल्कि भाषा की आत्मा का भी सम्मान करती हैं।

पुणे में आयोजित उनका एक कॉन्सर्ट इस व्यक्तित्व को बेहद करीब से देखने का अवसर बना। मंच पर उनकी सहज मुस्कान, श्रोताओं से आत्मीय संवाद और हर प्रस्तुति में दिखाई देने वाला पूर्ण समर्पण उस शाम को अविस्मरणीय बना रहा था। दर्शक केवल गीत सुन नहीं रहे थे, बल्कि हर सुर के साथ भावनात्मक रूप से जुड़ते जा रहे थे।

कार्यक्रम से पहले का एक छोटा-सा प्रसंग आज भी स्मृतियों में सुरक्षित है। उनकी हेयर स्टाइलिस्ट, जिन्हें हमारी टीम ने बुलाया था, समय पर नहीं पहुँच सकीं। उनकी माताजी उनके साथ थीं। जब तक हमारी स्टाइलिस्ट पहुँचीं, श्रेया जी पूरी तरह तैयार होकर बाहर आ चुकी थीं। उनका सुंदर हेयर स्टाइल उनकी माँ ने ही बना दिया था। इतनी बड़ी स्टार होने के बावजूद न कोई शिकायत, न कोई अधीरता। मुस्कुराते हुए उन्होंने केवल इतना कहा-“चलें?”

उस क्षण ने यह महसूस कराया कि सच्ची महानता केवल उपलब्धियों से नहीं, बल्कि व्यवहार से पहचानी जाती है।

एक अन्य कॉन्सर्ट की स्मृति भी उतनी ही जीवंत है। यह कार्यक्रम खुले मैदान में आयोजित किया गया था। मंच के सामने स्थित एक बॉयज़ हॉस्टल की छत छात्रों से भर गई थी। वे पूरे उत्साह से गीतों पर झूम रहे थे, गा रहे थे और बिना किसी औपचारिकता के संगीत का आनंद ले रहे थे।

यह दृश्य देखकर श्रेया मुस्कुराईं। उन्होंने बैंड को कुछ क्षण रुकने का संकेत दिया और हँसते हुए कहा-

“अरे वाह! इन लोगों ने तो बिना टिकट ही पूरा कॉन्सर्ट एंजॉय कर लिया!”

पूरा मैदान तालियों और ठहाकों से गूँज उठा। यह केवल एक चुटीली टिप्पणी नहीं थी, बल्कि कलाकार और श्रोताओं के बीच बने उस सहज रिश्ते का प्रमाण थी, जिसमें औपचारिकताएँ पीछे छूट जाती हैं और केवल संगीत रह जाता है।

श्रेया घोषाल कई अवसरों पर कह चुकी हैं कि उन्होंने जीवन की हर परिस्थिति में यह देखने की कोशिश की कि उससे क्या सीखा जा सकता है। शायद यही सीखने की निरंतर इच्छा उन्हें हर नई प्रस्तुति के साथ और अधिक परिपक्व बनाती रही है।
आज जब भारतीय फिल्म संगीत की चर्चा होती है, तो श्रेया घोषाल का नाम केवल एक सफल पार्श्वगायिका के रूप में नहीं लिया जाता। वे उस परंपरा की प्रतिनिधि हैं जहाँ सुर, शब्द, भाषा और विनम्रता-चारों का समान महत्व है। उनकी आवाज़ हर बार सुनने पर नए अर्थ और नई अनुभूतियाँ दे जाती है। यही किसी कालजयी कलाकार की सबसे बड़ी पहचान है।

दो कॉन्सर्ट्स के दौरान ग्रीन रूम और मंच के आसपास उन्हें करीब से देखने जानने का अवसर मिला। मुलाक़ातें भले ही संक्षिप्त थीं, लेकिन उनका सहज व्यवहार और आत्मीयता आज भी स्मृतियों में उतनी ही ताज़ा है।